सुलतानपुर। कोतवाली क्षेत्र लंभुआ के कस्बे में दिनदहाड़े छिनैती की घटना हुई है। आरोप है कि ऑर्डर का सामान दूसरी दुकान पर देने जा रहे एक ज्वेलर से अज्ञात बदमाश बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में चांदी के ऑर्डर के जेवरात रखे थे। पीड़ित मनोज पुत्र गोपीचंद निवासी ग्राम डकाही थाना लम्भुआ ने बताया कि वह सुबह घर से निकलकर लंभुआ स्थित अपनी दुकान देव ज्वेलर्स से ऑर्डर का सामान लेकर अपनी दूसरी दुकान तातो मुरैनी स्थित देव ज्वेलर्स पर देने जा रहे थे। जैसे ही वह लम्भुआ कस्बे के सर्वोदय चौराहा ब्लॉक रोड के सामने पहुंचे, पीछे से एक टेम्पो ने टक्कर मार दी और वह गिर पड़े। आरोप है कि इसी दौरान 3-4 अज्ञात लोग आए और उनके पास मौजूद बैग, जिसमें चांदी के ऑर्डर के जेवरात थे, छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना पीड़ित ने डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



